Thursday, April 23, 2020

काम

जो कुछ नही करते ,बड़ा वो काम करते हैं ,
यहाँ की वहाँ जाकर परेशान करते हैं ।
गर मिल जाए उनकी नज़र से नज़र ,
झुक झुक कर कई बार सलाम करते हैं।
करते हैं कल कल और आज की कल ,
बैठा साथ कोई मिल जाये तो ,इत्मिनान करते हैं ।
करते थे कभी दरवाज़े की जो ओट में बातें ,
बातें वही जाकर सरेआम करते हैं ।
समझते हैं हमे नादान , हम कुछ बोलते नहीं ,
हम खामोशी से अपनी दोस्ती कुर्बान करते हैं ।
कि ये तुम की तुम में , दिसंबर और जून में ,
हम जीने का इंतज़ाम करते हैं ।
जेठ की दुपहरी में भी मिल जाती है ठंडक ,
जब मेरे सब्र के चर्चे वो सुबह शाम करते है ।
उम्मीद की छांव में गर बैठ जाओ तुम ,
तो डाल के पंछी भी मंगलगान करते हैं ।
तूलिका ।

Saturday, April 11, 2020

कॉफ़ी

सुबह 3 .15  पर ,
कॉफ़ी और  चीनी  को  फेटते  हुए ,
बिना किसी डालगोना इफेक्ट से प्रभावित हुए ,
समय के दो रंग दीखते हैं ।
श्वेत ,सुन्दर डायरी  का पन्ना खुल जाता है ,
जहाँ कई बार हमने
मीठे ,चटकीले, सजीले रेशमी स्वेटर बुने थे ,
जिसे देखलेने से ख्वाब मुकम्मल हो जाते है ।
पश्मीने सिल्क की शाल मानो कंधो पर खेलने लगती है ।
चिड़ियों की चहक ,पकवानों की महक ,
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का शोर ,
बाइक के शीशे से झांकता मन का चोर ,
बच्चों के खेलने और हर बॉल पर बॉउंड्री की आवाज़ ,
रूह को छू सी जाती है ।
तभी एक धुंधला ,हल्का भूरा ,
मानो सूखे पेड़ की ठूंठ सा ,
पतझड़ में पिली सड़क सा ,
हवामहल के पास उड़ती रेत सा ,
चंद्रभागा के किनारे पानी के साथ आये सीप सा ,
सोन नदी के किनारे बने टीले सा,
ढाकबनी  के लाल पत्थर सा,
गोधूलि शाम सा महसूस होता है ।
जो उल्लास की सुबह का इन्तिज़ार कर रही  है ।

तूलिका  ।

Friday, October 11, 2019

कॉफी हाउस

माल रोड के इस कैफ़े के आसपास,
आज भी कोई मॉल नहीं है ,
आज भी कॉफी बीन्स की खुशबू ,
कैफ़े में घुसते ही पचास दशक पुरानी है .
पीली डिम लाइट ,
पंचम और बप्पी दा की संगीत की धुन ,
शे गुवेरा का पोस्टर ,
1977 की बेस्ट कैफ़े अवार्ड की ,
लैमिनेटेड तस्वीर ,
सब वैसे ही है,
जब तुम थीं ।
मैं आज भी हर रोज़ ,
दरवाज़े से बाईं से तीसरी टेबल पर बैठता हूँ ,
जहाँ पीछे को खिड़की खुलती है ,
और तुम मेरे सामने बैठकर ,
बाहर खड़ी कारों को गिनती थी .
सब है बस तुम नहीं हो ,
तुम्हारा अहसास ,
तुम्हारी खुशबू ,
तुम्हारीं बातें ,
तुम्हारी यादें ,
तुम्हारा खालीपन सब ।
सोचता हूँ मेरे इन खुरदरे हांथों को ,
तुम्हारे हाथ फिर से छूते और कहते ,
हम हैं ना ..
मैं आज भी यहाँ फ़िल्टर कॉफी पीता हूँ ,
बस फर्क इतना है शक़्कर नहीं लेता ,
शक़्कर ना कॉफी में है ,
ना ज़िन्दगी में ।

तूलिका ।

Monday, October 7, 2019

ख़ुशी

तुम कभी कभी मुझे ,
VLC पर चल रहे गाने की तरह लगती हो ,
जिसमे फ़र्क़ डयूरेशन  का होता है ,
5 मिनट भी वैसा ही दीखता है
जैसा 55 मिनट ,
अंतर् सिर्फ ठहराव का है ।

नहीं ,
तुम कभी अपने आप नहीं बनती ,
तुम्हे हम अब ऐप में ढूंढते हैं ,
अपने ऐब को ऐप में छुपाते हैं,
और फिर दिल की नहीं ,
व्हाट्स इन योर माइंड की पोस्ट करते हैं ।

तुम आजकल मिलती ही कम हो ,
आ भी गई तो बैठती कम हो ,
ठहरती तो ज़रा भी नहीं ,
तुम्हारा शेयर मार्किट हमेशा डाउन रहता है ,
लेकिन इमोजीस के व्यापर में ,
तुम काफी मशगूल हो ।


एस्पलेनैड मॉल में भी मलाल सा रहता है ,
क्यूंकि तुम सैकड़ों में ,
घूमती ,फिरती ,उछलती ,कूदती ,
दीखती तो हो ,
लेकिन मेरे पास नहीं रूकती ,
बस पास से गुजर जाती हो ।

कई बार चटकीले रंग मै नहीं ओढ़ती ,
कई बार अच्छी तस्वीर भी पोस्ट नहीं करती ,
कई बार अरिजीत सिंह की कॉलर टयून भी नहीं लगाती ,
तुम्हारा ना होना ,
कई बार आँखों को नम करता हैं ,
गला रुँधता हैं ,
बेटा कहता हैं हनुमान जी नाराज़ हैं ,
इसलिए तुम्हे आंसूं आये हैं ,
क्यूंकि वो नाराज़ थे ,
तो फानी भी आया था ।


खैर ,
मुझे मालूम हैं ,
तुम अभी बाईपास रोड पर हो ,
और अबकी आओगी ,
तो सिम्फनी की तर्ज़ पर ,
हर दिन , हर क्षण ,
चहचहाओगी ,
मेरी अपनी बालकनी  में ,
जहाँ रोज़ सुबह कबूतर दाना खाते हैं ।

तूलिका ।

Wednesday, September 18, 2019

आँखें

गोधूलि सी ,सुगबुगाती बोलती आँखे ,
पेड़ों सी झाकती ,ताकती आँखें ,
हरियाली सी ,रास्ते की ,लहलहाती आँखें ,
धीर सी ,गंभीर सी ,सुरीली आँखें ,
जांचती , पड़तालती ,उन्मादी आँखें ,
चहकती ,लहकती ,बांचती आँखें ,
निहारती ,बतियाती ,वो शांत सी आँखें ,
खोजती ,तलाशती ,तराशती आँखें ,
कभी गड्ढों में पलती ,
वो कोयली आँखें ,
उलझती ,निकलती ,जंग सी आँखें ,
पूछती ,चीखती ,विद्रोह सी आँखे ,
नीली ,पीली ,लाल सी आँखे ,
लीची सी , बटन सी ,बादाम सी आंखे ,
कभी पीसी ,टीसी ,तराई सी आँखें ,
वो झूमती , झूलती ,टहलती आँखें ,
अपनों की , अपनी , प्रभास सी ऑंखें ,
स्पर्श सी ,सुकून सी ,आभास सी ऑंखें ,
जीत की ,उल्लास की ,चमकती आँखें ,
ग़मों को संभालती ,सहराती आँखें .
शाम सी ,
आम सी ,खेलती आँखें ,

तूलिका .