Friday, February 5, 2021

बेहतर

 कुछ किताबों की जिल्द ना उतारी जाये तो बेहतर है ,

कुछ पतंगों की डोर ना पकड़ें तो बेहतर है ,
कुछ अरमान ना हों तो बेहतर है ,
कुछ फरमान ना ज़ारी हों तो बेहतर है ,
कुछ खामोशियाँ ना हो तो बेहतर है ,
कुछ बातें ना कही जाये तो बेहतर है ,
कुछ सपने ना देखें तो बेहतर है ,
कुछ नीर गालों तक ना आएं तो बेहतर है ,
कुछ उमीदों को ना रखें तो बेहतर है ,
कुछ कवितायेँ न सुनी जाएँ तो बेहतर है ,
कुछ अहसास पढ़ लिए जाएँ तो बेहतर है,
कुछ भावनाएं गीत बन जाएँ तो बेहतर है ,
कुछ सुगंध हाँथ में रह जाये तो बेहतर है ,
कुछ आज़ाद बंधन हों तो बेहतर है ,
कुछ चुप्पी शब्द बन जाएँ तो बेहतर है ,
कुछ शाम ठहर जाये तो बेहतर है।
तूलिका।

Thursday, April 23, 2020

खिड़कियाँ

आज बात उनकी है ,
जो "धारा" की एड देखकर जलेबी खाने निकल पड़ते थे ।
आज बात उनसे है जिन्होंने ,
"गरुड़" फोन को नासा का रेडार समझा था ।
आज बात उनसे है ,
जो एक रिंग बजते ही "बीटल" का रिसीवर उठाने दौड़ पड़ते थे ।
आज बात उनकी है , जो माँ के डांटने पर ,
"सवैयों" को हक्का नूडल मानकर खाते थे ।
आज बात उनकी है ,
जो अखबार पाते ही "स्पोर्ट्स" पेज पर पहुंच जाते थे ।
आज बात उनकी है ,
जिनकी नई पोशाकें ,दीवाली ,पूजो और ईद का आना होती थी ।
आज बात उनकी है ,
जिनके लिए "बजाज" ही "इंडिगो" हुआ करता था ।
आज बात उनकी है ,
जो "नान-खटाई" खाने के लिए साल का इंतजार करते थे ।
आज बात उनकी है ,
जिनके लिए "भौंओं" के तनने का विषय ,
आम्रपाली ,दशहरी और लँगड़े का मीठापन हुआ करता था ।
आज बात उनकी है ,
जिनका हफ्ते में एक दिन आलू टिक्की और आइस टी लेना ,फीलिंग ब्लेस्ड होता था ।
आज बात उनकी है ,
जहां गर्मियों की दोपहर में "इश्क़" के पैमाने गढ़े जाते थे ।
आज बात उनकी है ,
जिनके लिए "गूगली गूगली वुश" ही "बीबी" क्रीम हुआ करती थी ।
आज बात उनकी है ,
जिन्हीने "सुमन सौरभ" और "मनोरमा ईयर बुक" में करियर तराशे थे ।
आज बात उनकी है ,
जिनके लिए प्यार "शालीमार" हुआ करता था ।
आज बात उनकी है ,
जो तीन की सीट पर अनजान चौथे को भी जगह देते थे ।
लाज़िम है कि ,हमारे तुम्हारे ,
दोष प्रत्यारोप ,
गलतियाँ छुपाना और ढूंढना सब लॉकडाउन में था ।
और खुले थे दिल , दरवाज़े , दिमाग और गर्मजोशी की खिड़कियां।
तूलिका ।

काम

जो कुछ नही करते ,बड़ा वो काम करते हैं ,
यहाँ की वहाँ जाकर परेशान करते हैं ।
गर मिल जाए उनकी नज़र से नज़र ,
झुक झुक कर कई बार सलाम करते हैं।
करते हैं कल कल और आज की कल ,
बैठा साथ कोई मिल जाये तो ,इत्मिनान करते हैं ।
करते थे कभी दरवाज़े की जो ओट में बातें ,
बातें वही जाकर सरेआम करते हैं ।
समझते हैं हमे नादान , हम कुछ बोलते नहीं ,
हम खामोशी से अपनी दोस्ती कुर्बान करते हैं ।
कि ये तुम की तुम में , दिसंबर और जून में ,
हम जीने का इंतज़ाम करते हैं ।
जेठ की दुपहरी में भी मिल जाती है ठंडक ,
जब मेरे सब्र के चर्चे वो सुबह शाम करते है ।
उम्मीद की छांव में गर बैठ जाओ तुम ,
तो डाल के पंछी भी मंगलगान करते हैं ।
तूलिका ।

Saturday, April 11, 2020

कॉफ़ी

सुबह 3 .15  पर ,
कॉफ़ी और  चीनी  को  फेटते  हुए ,
बिना किसी डालगोना इफेक्ट से प्रभावित हुए ,
समय के दो रंग दीखते हैं ।
श्वेत ,सुन्दर डायरी  का पन्ना खुल जाता है ,
जहाँ कई बार हमने
मीठे ,चटकीले, सजीले रेशमी स्वेटर बुने थे ,
जिसे देखलेने से ख्वाब मुकम्मल हो जाते है ।
पश्मीने सिल्क की शाल मानो कंधो पर खेलने लगती है ।
चिड़ियों की चहक ,पकवानों की महक ,
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का शोर ,
बाइक के शीशे से झांकता मन का चोर ,
बच्चों के खेलने और हर बॉल पर बॉउंड्री की आवाज़ ,
रूह को छू सी जाती है ।
तभी एक धुंधला ,हल्का भूरा ,
मानो सूखे पेड़ की ठूंठ सा ,
पतझड़ में पिली सड़क सा ,
हवामहल के पास उड़ती रेत सा ,
चंद्रभागा के किनारे पानी के साथ आये सीप सा ,
सोन नदी के किनारे बने टीले सा,
ढाकबनी  के लाल पत्थर सा,
गोधूलि शाम सा महसूस होता है ।
जो उल्लास की सुबह का इन्तिज़ार कर रही  है ।

तूलिका  ।

Friday, October 11, 2019

कॉफी हाउस

माल रोड के इस कैफ़े के आसपास,
आज भी कोई मॉल नहीं है ,
आज भी कॉफी बीन्स की खुशबू ,
कैफ़े में घुसते ही पचास दशक पुरानी है .
पीली डिम लाइट ,
पंचम और बप्पी दा की संगीत की धुन ,
शे गुवेरा का पोस्टर ,
1977 की बेस्ट कैफ़े अवार्ड की ,
लैमिनेटेड तस्वीर ,
सब वैसे ही है,
जब तुम थीं ।
मैं आज भी हर रोज़ ,
दरवाज़े से बाईं से तीसरी टेबल पर बैठता हूँ ,
जहाँ पीछे को खिड़की खुलती है ,
और तुम मेरे सामने बैठकर ,
बाहर खड़ी कारों को गिनती थी .
सब है बस तुम नहीं हो ,
तुम्हारा अहसास ,
तुम्हारी खुशबू ,
तुम्हारीं बातें ,
तुम्हारी यादें ,
तुम्हारा खालीपन सब ।
सोचता हूँ मेरे इन खुरदरे हांथों को ,
तुम्हारे हाथ फिर से छूते और कहते ,
हम हैं ना ..
मैं आज भी यहाँ फ़िल्टर कॉफी पीता हूँ ,
बस फर्क इतना है शक़्कर नहीं लेता ,
शक़्कर ना कॉफी में है ,
ना ज़िन्दगी में ।

तूलिका ।

Monday, October 7, 2019

ख़ुशी

तुम कभी कभी मुझे ,
VLC पर चल रहे गाने की तरह लगती हो ,
जिसमे फ़र्क़ डयूरेशन  का होता है ,
5 मिनट भी वैसा ही दीखता है
जैसा 55 मिनट ,
अंतर् सिर्फ ठहराव का है ।

नहीं ,
तुम कभी अपने आप नहीं बनती ,
तुम्हे हम अब ऐप में ढूंढते हैं ,
अपने ऐब को ऐप में छुपाते हैं,
और फिर दिल की नहीं ,
व्हाट्स इन योर माइंड की पोस्ट करते हैं ।

तुम आजकल मिलती ही कम हो ,
आ भी गई तो बैठती कम हो ,
ठहरती तो ज़रा भी नहीं ,
तुम्हारा शेयर मार्किट हमेशा डाउन रहता है ,
लेकिन इमोजीस के व्यापर में ,
तुम काफी मशगूल हो ।


एस्पलेनैड मॉल में भी मलाल सा रहता है ,
क्यूंकि तुम सैकड़ों में ,
घूमती ,फिरती ,उछलती ,कूदती ,
दीखती तो हो ,
लेकिन मेरे पास नहीं रूकती ,
बस पास से गुजर जाती हो ।

कई बार चटकीले रंग मै नहीं ओढ़ती ,
कई बार अच्छी तस्वीर भी पोस्ट नहीं करती ,
कई बार अरिजीत सिंह की कॉलर टयून भी नहीं लगाती ,
तुम्हारा ना होना ,
कई बार आँखों को नम करता हैं ,
गला रुँधता हैं ,
बेटा कहता हैं हनुमान जी नाराज़ हैं ,
इसलिए तुम्हे आंसूं आये हैं ,
क्यूंकि वो नाराज़ थे ,
तो फानी भी आया था ।


खैर ,
मुझे मालूम हैं ,
तुम अभी बाईपास रोड पर हो ,
और अबकी आओगी ,
तो सिम्फनी की तर्ज़ पर ,
हर दिन , हर क्षण ,
चहचहाओगी ,
मेरी अपनी बालकनी  में ,
जहाँ रोज़ सुबह कबूतर दाना खाते हैं ।

तूलिका ।

Wednesday, September 18, 2019

आँखें

गोधूलि सी ,सुगबुगाती बोलती आँखे ,
पेड़ों सी झाकती ,ताकती आँखें ,
हरियाली सी ,रास्ते की ,लहलहाती आँखें ,
धीर सी ,गंभीर सी ,सुरीली आँखें ,
जांचती , पड़तालती ,उन्मादी आँखें ,
चहकती ,लहकती ,बांचती आँखें ,
निहारती ,बतियाती ,वो शांत सी आँखें ,
खोजती ,तलाशती ,तराशती आँखें ,
कभी गड्ढों में पलती ,
वो कोयली आँखें ,
उलझती ,निकलती ,जंग सी आँखें ,
पूछती ,चीखती ,विद्रोह सी आँखे ,
नीली ,पीली ,लाल सी आँखे ,
लीची सी , बटन सी ,बादाम सी आंखे ,
कभी पीसी ,टीसी ,तराई सी आँखें ,
वो झूमती , झूलती ,टहलती आँखें ,
अपनों की , अपनी , प्रभास सी ऑंखें ,
स्पर्श सी ,सुकून सी ,आभास सी ऑंखें ,
जीत की ,उल्लास की ,चमकती आँखें ,
ग़मों को संभालती ,सहराती आँखें .
शाम सी ,
आम सी ,खेलती आँखें ,

तूलिका .

Monday, September 16, 2019

यक़ीन


डबल टिक से हो जाये जब बात मनमानी,
मोहाल के तिराहे पर कौन दीखता है ।

जर्जर हो चले हैं पैग़ामो के संदूक ,
पीले कागज़ के खत में इत्र कौन छिड़कता है ।

पास आकर गुनगुनाये जो हर नग़मा ,
वो दिन ढलने पर रंग बदलता है ।

तकदीर और तदबीर में फासले हैं मगर ,
उम्मीद की फसल यहाँ कौन बोता है ,

यूँ तो कई बार लहराए हैं हमने परचम ,
हर बार कहाँ खुशरंग दिया जलता है ।

चन्द्रयान से संपर्क की जद्दोजहद में ,
मन की तरंगों को यहाँ कौन जोड़ता है ।

यकीन को यकीनन बदलना है ज़रूर ,
वरना डूबते सूरज को कौन पूजता है ।

तूलिका ।

Wednesday, September 11, 2019

बातें

मेरी बातें ,
मेरी बातें ,कई बार ,
सरकारी दफ्तर की परत ज़मी मेज़ पर ,
जिसके अधखुले ड्रावर को ,
लोहे की पतली तार से बांधा गया हो ,
पर रखी फाइलों में ,
पीले कागज़ पर गढ़ी है ,
मेरी बातें .

मेरी बातों  में कोई ट्विस्ट नहीं है ,
मेरी बातों पर कोई ट्वीट नहीं है ,
कइयों के लिए ,वो स्वीट नहीं है .
मेरी बातों में हर लम्हों में कहानियां है ,
इंस्ट्राग्राम स्टोरीज नहीं है .
मेरी बातें .

मेरी बातें ,
वक़्त की शाख पर ,
टिक टिक चल रही है ,
टिक टॉक पर ,
उनका अकाउंट नहीं है .
मेरी बातें .

फीड्स , 
फॉलोवर्स ,
व्यूज़ के बाजार में , 
मेरी बातें अनुभव से सबक को फॉलो करती है ,
मेरी बातें .
मेरी बातें . 

तूलिका 





अच्छा नहीं होता

खिड़कियों को खोलना ,
हमेशा अच्छा नहीं होता .

अच्छा नहीं होता,
हमेशा ,
बुलबुलों का मुंडेर पर बैठना .

हवाएं सांस देती तो है ,
लेकिन ये हमेशा तो नहीं होता  .

दरवाजे  की  देहरी  पर खड़े  होकर  ,
हमेशा किसी  एक ओर  देखना  ,
अच्छा तो नहीं होता .

माना है ,
कुछ रोशन दान ज़रूरी है घर के वास्ते ,
लेकिन हर उजाला रौशनी नहीं तो होता .

ज़रूरी नहीं आँखों  में  हर सपनों  को बुनना ,
हर बार उनका चटकना ,
अच्छा तो नहीं होता .

चलो मुस्कुराना बनालो रिवाज़
हर जंग लड़ना अच्छा नहीं होता .

तूलिका .


Monday, September 2, 2019

हस्ती


कई अफसानों को तरन्नुम की तलाश होती है ,
बमुश्किल हो सुख़नवर को , जब हस्ती शिखर के पार  होती है .

पाशा -ए -शहर में कौन है ऐसा ?
जहाँ परेशानियां मिलकर तमाम होती है .

हुमज़ुबाँ ,हमराह दीखते हैं सब ,
कौन चलता है साथ जब अमावस की रात होती है .

जिधर देखिये जोर आज़माइश सा है ज़लज़ला ,
कम है जिनमें मिटटी की सुगंध साथ होती है .

धूप, धूल , धुएँ के कहकहों में भी ,
आँखों में अर्श-ए- चमक साथ होती है .

इबादत हो जाती है शहर -ए-हुजूम की आदत ,
जब क़ाबलियत पंखों की उड़ान होती है .

 तूलिका .


सावन

छलक जाते हैं वो आंखों से ,
जो एक गांठ बनकर ,
उन तारों को हम फिर कागज़ में पिरोते हैं ।
रखी हुई यादों की वो पीली सी गट्ठर,
हम ढूंढ कर ताखों पर फिर संजोते है ।
कई बार यूँ भी हुआ उनका कहकहा ,
हम 5 के तापमान पर पंखा झोलते है ।
ओस की आस में सूरज को देखते देखते ,
कई बार रास्तों में पलाश ढूंढते है ।
लो आ गया झूमता फिर सावन का महीना ,
लो हम फिर एक बार हंसी बोते हैं ।
तूलिका ।

Wednesday, July 17, 2019

बीज

जो पास बैठा है वो कोई पोशाक सा है ,
मानो नीम में जैसे बेल आगोश सा है ,
उलझनों की टीस में जिधर भी देखो ,
सावन में भी मानो बादल खामोश सा है ।

सूखती नदिया नहीं,
मन भी सूख गए है ,
जो चमकता दीखता है डीपी में
वो रोता कंकाल सा है ।

मैं,
तुम,  वो,  ये,  उनकी ,इनकी, में ,
चाय का प्याला ,
जंजाल सा है ।

दीवारों पर लाइक्स का सैलाब तो है ,
पर खुशियों का मेला वीरान सा है ।
बदलती नहीं वो तंजभरी आँखे ,
जो ज्ञान के जमघट में अनजान सा है ।

कोशिश है ,थी ,
की रहेगी हमारी ,
जो मैंने बीज बोये है
वो कल को पैगाम सा है ।
तूलिका ।

Tuesday, June 11, 2019

पुरानी चादर

पुरानी  चादर

माथे पर आई लकीरें ,
अब पार्क में दीखती हैं।
ठहाके लगाते चेहरे ,
अब सुबह टहलते हैं ।
कुछ सुकून भरी उँगलियाँ ,
108 दानो को गीन रही हैं ।
जोड़ों के दर्द को ढकते हुए ,
कुछ जोड़े गुरूद्वारे में रोटियां बेल रही हैं ।
कुछ जोड़ी हाँथ ,
नन्हे हांथों के साथ बसस्टैंड पर खड़े हैं ।
कुछ मायूस निगाहे ,
डाकबाबू का इन्तिज़ार कर रही हैं ।
कुछ काँपती आवाज़ें ,
टचस्कीन को टच कर रही हैं।
कुछ आशाएं झुर्रियों के साथ ,
बेंच पर बैठी हैं ।
कुछ उम्मीदें,
उन सूत के धागों को गीन रही हैं ,
जो दशकों से ,
अनगिनत चौकियों पर बिछी हैं ।

तूलिका ।


Thursday, May 30, 2019

तज़ुर्बा

बीज में साँस ,
रंगनुमा अहसास हो तुम .
भरी दोपहर में ,
आम के बयार हो तुम .
संघर्ष के काँटों में ,
गुलाबी गुलाब हो तुम .
चेहरों की दुनिया में ,
सख्त पहचान हो तुम .
बसंत के मौसम में ,
भावनाओं का बुलबुला हो तुम .
जो ठहर जाये तो रिश्ता ,
वरना फासला हो तुम .
चल दिए साथ तो ,
चमकता सितारा हो तुम .
वो कह रहे है किस्मत ,
पर सिखाने को मेहरबान हो तुम .
फलसफा हो तुम ,
तज़ुर्बा हो तुम,
हल्की सी कसक लिए ,
तर्जुबा हो तुम .
जिंदगी हो तुम .

तूलिका .

बेरंग दुनिया


हाथों में हाथ है ,
लेकिन नब्ज़ छूटी सी है ,
सीने से लगे डीपी में ,
अहसास की दूरी सी है .
होठों पर मुस्कराहट है ,
ख़ुशी की कमी सी है .
सपनो के समंदर में ,
आँखों में नमी सी है .
यादों के बवंडर में ,
रात अमावस सी है .
टेक केयर के जमघट में ,
अविश्वास की ज़मी सी है .
तुम ना हो तो,दुनिया बेरंग सी कहीं ,
और होतो मन में रौशनी सी है .

तूलिका .

Saturday, December 15, 2018

रिश्ते

कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते
कुछ रिश्ते नाम के होते है
कुछ ज़िन्दगी के किस्से होते है
कुछ ज़िन्दगी के हिस्से होते है

सूरज तो रोज़ निकलता है
कुछ फूल खिलते है
कुछ धूप ढोते है
दूर की रौशनी से भी
कुछ ख्वाब पलते है
कुछ ज़िन्दगी के किस्से होते है
कुछ ज़िन्दगी के हिस्से होते है

खास होती है शामे
जब दोस्त मिलते है
अपनों के अहसास तले
पतझड़ भी बसंत लगते है
कुछ ज़िन्दगी के किस्से होते है
कुछ ज़िन्दगी के हिस्से होते है

खुशनसीब है वो जो
न मिलकर भी रोज़ मिलते है
वर्ना साथ बैठकर भी लोग
टेक्स्ट करते है .
कुछ ज़िन्दगी के किस्से होते है
कुछ ज़िन्दगी के हिस्से होते है

कमतर नहीं है वो
जो असंयम में संयम रखते है
नाविक बहुत है समूहों में
कम है वो जो तूफ़ान रोकते है
दीखते है कई उड़ते हुए चारो ओर
चंद है जो अपने पर लिए उड़ते है
कुछ ज़िन्दगी के किस्से होते है
कुछ ज़िन्दगी के हिस्से होते है

तूलिका

Monday, June 18, 2018

ख़ुशी

ख़ुशी

ख़ुशी अपनों में है
ख़ुशी अपनों से है
ख़ुशी अपना बनाने में है
ख़ुशी उनमे ' मैं ' में है
ख़ुशी छूटती ट्रैन पकड़ने में है
ख़ुशी  9am के पंच में है
ख़ुशी लोकल में सीट मिलने में है
ख़ुशी तत्काल टिकट कन्फर्मेशन में है .

ख़ुशी दादाजी के माथे की लकीरों को गिन्नमे है
ख़ुशी माँ के अंचल में हाँथ पोछने में है
ख़ुशी उसकी लहराती जुल्फों की खुशबू में है
ख़ुशी आम के टिकोरों की चोरी में है
ख़ुशी फाइनल एक्सपोर्ट में है
ख़ुशी मंटो में है
ख़ुशी गोदान में है .

ख़ुशी करैक्टर है
ख़ुशी बिना चार्जर के पूरा दिन फ़ोन इस्तेमाल करने में है
ख़ुशी थ्री परसेंट रिमेनिंग में
विडिओ अपलोड पर है
ख़ुशी व्हाट्सअप की डबल टिक में है
ख़ुशी फ्री डाटा में है
ख़ुशी मैसेंजर की टोन में है
ख़ुशी उसकी लाइक में है
ख़ुशी मामू में है
ख़ुशी सरोकार में है
ख़ुशी विपक्षी सरकार की हार में है .

ख़ुशी लास्ट विकेट के चौके में है
ख़ुशी स्टेशन के कुल्हड़ की चाय में है
ख़ुशी साइन आउट में है
ख़ुशी लोग ऑन में है
ख़ुशी नोटिफिकेशन में है
ख़ुशी पासपोर्ट की वेरिफिकेशन में है .

ख़ुशी समंदर है
ख़ुशी अपने अंदर है
ख़ुशी कलैंडर है

तूलिका .

Thursday, November 16, 2017

संवेदनाएं

संवेदनाएं 

माँ कहती है तुम छुटपन से बहुत संवेदनशील थी ,
किसी  को रोता   देख रोने लगती थी  ,
फैमिली फिल्म देखकर ज़रूर रोती थी,
गुलशन ग्रोवर ,अम्ब्रीश पूरी प्रेम चोपड़ा जी से  मैंने नफरत ग्रेजुएशन में ख़तम की ,
कॉलेज डेज़  में  मेरे कैंटीन खाते  पर बहुतों ने लंच किया है ,
आर्ट एंड क्राफ्ट क्लास में ,  मेरा सामान सार्वजनिक होता था .
छुट्टियों में मित्र हमेशा मिस कॉल दिया करते थे ,
और मेरे काल करने पर 20 मिनट से कम  बात नहीं होती थी ,
हॉस्टल में मेरा कमरा अड्डा (विषय चर्चा) हुआ करता था ,
जहाँ चाय और मैगी कभी भी उपलब्ध होती थी ,
गला ख़राब होने पर मेरा अपना फ्लास्क किसी और की टेबल पर मुस्कुराता था ,
मास्टर्स डेज़  में मेरी 1GB की पेन ड्राइव किसी के भी हाँथ में मिल जाती थी ,
आज भी मेरी बहुत किताबें ,फिल्म dvds किसी की शेल्फ पर अपनी आइडेंटिटी सजो रही होंगी ,
इन संवेदनाओ के साथ अहम् रिश्ते मैंने बनाये है ,रिश्ते बन रहे है ,
आज भी मुझे इंजेक्शन और डेटोल देखकर आंसू आता है, 
लेकिन इन संवेदनाओ के बीच अच्छा लगता है जब 9 .3 0 pm पर आपकी कॉल बेल बजती हो  ,
और बहुत ही खास माननेवाले  बेटाडीन लिए खड़े हो (टेक्स्ट से मालूम था की ऊँगली में  चोट आ गई है )
आपको यकीन होता है की आपकी माँ सही कहती हैं  ,
आपके रिश्तों में संवेदनाएं है और रहेंगी। 

तूलिका

Tuesday, August 8, 2017

ऋतु

खनक की ,
ठनक की
राग की ,
विराग की,
करार के इंकार की ,
उन झूठे वार की ,
स्वयं से तकरार की ,
सम्मान के ज़ार की ,
प्रोजेक्ट्स के यार की
अंगों के प्यार की ,
अंग्रेजी सरकार की
मेल खाते विचार की ,
आज़माइश है तुमसे ,
ख्वाइश है तुमसे ,
कम स कम
बसंत से धोखा मत करना
बसंत जीवन की ,
तुम्हारे जीवन की
सदाबहार ऋतु है .
तूलिका